आज दिनांक 17/10/2026 को शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव में प्राचार्य डॉ. श्रीमती सुचित्रा गुप्ता के निर्देशन में व समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 दिग्विजय वार्ड किल्ला पारा राजनांदगांव में " प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा- बच्चों के मानसिक विकास के लिए खेल-खेल में पढ़ाई की गतिविधि कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को मनोरंजक एवं रोचक तरीकों से सीखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने आंगनबाड़ी के बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक खेलों, चित्रों, रंगों, कविताओं, गीतों, कहानियों तथा गतिविधि-आधारित शिक्षण विधियों के माध्यम से शिक्षा प्रदान की। बच्चों को अक्षरों एवं अंकों की पहचान, रंगों के नाम, फल-सब्जियों की पहचान तथा गिनती जैसी प्रारंभिक जानकारियाँ खेल-खेल में सिखाई गईं। इसके साथ ही पहेलियों, चित्र पहचानने तथा समूह में खेलने जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की स्मरण शक्ति, रचनात्मकता, भाषा कौशल और सामाजिक व्यवहार को विकसित करने का प्रयास किया गया। उक्त कार्यक्रम में समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू, सुश्री तारणी साहू ,श्रीमती शालिनी सोनी, डॉ प्रियंका लोहिया, श्रीमती चित्रांशा राठौर ,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मीना सोनी ,शोभा शर्मा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं समाजशास्त्र व समाज कार्य विभाग के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।