शा. दिग्विजय महाविद्यालय में यूथ रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, त्वचा की देखभाल तथा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित वक्ताओं डॉ सुगंध गांधी, डॉ. प्रकाश खुटे एवम् जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अतुल रायजादा के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रथम व्याख्यान डॉ. सुगंध गांधी, शाइन स्किन क्लिनिक, राजनांदगांव द्वारा दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को त्वचा की देखभाल, दैनिक स्किन केयर रूटीन तथा त्वचा से संबंधित सामान्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए नियमित सफाई, पर्याप्त पानी का सेवन, संतुलित आहार तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही त्वचा संबंधी समस्याओं के प्रति लापरवाही न बरतने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी।

इसके बाद डॉ. प्रकाश खुटे, एसोसिएट प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग, शासकीय मेडिकल कॉलेज, राजनांदगांव ने स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अस्वास्थ्यकर भोजन एवं अनियमित दिनचर्या से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया तथा विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को शामिल करने की सलाह दी।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय यूथ रेड क्रॉस सोसायटी की समन्वयक सुश्री वंदना मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 120 विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने दोनों विशेषज्ञ वक्ताओं के व्याख्यान को रुचिपूर्वक सुना तथा स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अतुल  रायजादा जी द्वारा आभार प्रदर्शन एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वक्ताओं, प्राचार्य, यूथ रेड क्रॉस सोसायटी की समन्वयक तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।