दिग्विजय महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह का आयोजन
युवाओं को रोजगार उन्मुखी शिक्षा प्रदान करना सरकार का उद्देश्य है : सांसद संतोष पांडे
मां भारती की सेवा करना युवाओं का लक्ष्य हो : सांसद संतोष पांडे
जया ठाकुर को महाविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर मिला गोल्ड मेडल
राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव का वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण का आयोजन 26 फरवरी को किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि दिग्विजय महाविद्यालय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से सुसज्जित महाविद्यालय है। वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराना संस्था का संकल्प है। छात्र हित में विभिन्न प्रकार के नवाचार महाविद्यालय में प्रारंभ किए गए हैं । कैंपस प्लेसमेंट में महाविद्यालय का पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान है एवं एनआईआरएफ में देश में 45 वां स्थान है। छठवें सेमेस्टर में छात्रों के लिए इंटर्नशिप कोर्स के लिए विभिन्न संस्थाओं से एमओयू किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री संतोष पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवाओं को रोजगार उन्मुखी शिक्षा प्रदान करना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। हर क्रांति के पीछे युवा शक्ति होती है। वह प्रत्येक चुनौतियों का सामना साहस एवं जोश के साथ करती हैं। विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी हम सबके कंधों पर हैं। मां भारती की सेवा करना युवाओं का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।
महाविद्यालय के जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष अतुल रायजादा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जन भागीदारी समिति, महाविद्यालय में निरंतर छात्र हित में कार्य कर रही है। महाविद्यालय में छात्रों के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है साथ ही उनके प्रत्येक समस्याओं का समाधान करने के लिए जन भागीदारी समिति प्रतिबद्ध है।
इस समारोह में प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के द्वारा महाविद्यालय में चार कमरों के निर्माण के लिए मांग रखी गई जिसे सांसद महोदय ने पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
अतिथियों द्वारा विभिन्न कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 84 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। महाविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए जया ठाकुर को गोल्ड मेडल दिया गया।
इस कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, सहकारी समिति के अध्यक्ष सचिन बघेल, कोमल सिंह राजपूत, राजेंद्र गोलछा, रमेश पटेल, चिंटू सोनकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
समारोह के उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. सोनल मिश्रा एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अमिता बक्शी ने किया।
महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में छात्र - छात्राओं द्वारा हस्तकला एवं पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर दिग्विजय महाविद्यालय के छमाही समाचार पत्र दिग्विजय कैंपस का 20 वां अंक का विमोचन किया गया।
छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं भारतीय लोक कला पर केंद्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. भारती सोनी एवं आभार प्रदर्शन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अनीता शंकर के द्वारा किया गया। बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।