वनस्पति शास्त्र में अभूतपूर्व संभावनाएं -प्रोफेसर जाधव

शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव के वनस्पति शास्त्र विभाग में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एल. टांडेकर के मार्गदर्शन में अतिथि व्याख्यान का आयोजन हुआ। सर्वप्रथम विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता महेश्वर में स्वागत उद्बोधन दिया। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एल. टांडेकर ने विषय विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ प्राध्यापक एस.के. जाधव जैव प्रौद्योगिकी अध्ययन शाला, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर का स्वागत किया। कार्यक्रम के संचालक डॉ. त्रिलोक कुमार ने विषय विशेषज्ञ प्राध्यापक डॉ. एस.के. जाधव का परिचय दिया। प्रोफेसर एस.के. जाधव ने वनस्पति शास्त्र तथा जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों, अवसरों एवं अनुप्रयोगों आदि विषयों पर सारगर्भित व्याख्यान दिया और वनस्पति शास्त्र के क्षेत्रीय, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपार संभावनाओं को बताया। उन्होंने बताया कि आज के वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए वनस्पति शास्त्र एवं जैव-प्रौद्योगिकी तकनीक में किए गए शोध सोशल वेलफेयर एवं पर्यावरण हेतु तथा साथ ही साथ सतत विकास हेतु महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। आगे उन्होंने वनस्पति शास्त्र विषय में कैरियर के क्षेत्रों के बारे में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर वनस्पति शास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. सोनल मिश्रा, डॉ. केशव आदिल, डॉ किरण जैन तथा एमएससी वनस्पति शास्त्र के सभी छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।